अक्सर कई लोगों को हड्डियों या जोड़ों से कट-कट की आवाज सुनाई देती है. ऐसे में इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज करना सही नहीं है, क्योंकि इसके पीछे कई स्वास्थ्य कारण हो सकते हैं. आइए इस बारे में डॉ. भावुक गर्ग से जानते हैं.

कई लोगों को चलते-फिरते, उठते-बैठते या सीढ़ियां चढ़ते समय हड्डियों या जोड़ों से कट-कट की आवाज सुनाई देती है. शुरुआत में लोग इसे मामूली समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं और सोचते हैं कि यह उम्र बढ़ने या थकान की वजह से हो रहा है. लेकिन जब यह आवाज बार-बार आने लगे या रोज़मर्रा की एक्टिविटी के दौरान महसूस हो, तो चिंता बढ़ने लगती है. कई बार यह आवाज बिना दर्द के आती है, जबकि कुछ लोगों को इसके साथ जकड़न या असहजता भी महसूस होती है.
सही जानकारी न होने के कारण लोग भ्रम में पड़ जाते हैं कि हड्डियों और जोड़ों से आने वाली आवाज सामान्य है या किसी बीमारी का संकेत. यह आवाज शरीर में हो रहे कुछ बदलावों की ओर इशारा कर सकती है. इसलिए इसे हल्के में लेना हमेशा सही नहीं होता. ऐसे में यह समझना ज़रूरी हो जाता है कि इस तरह की आवाज किन स्थितियों या समस्याओं से जुड़ी हो सकती है.



